देहरादून में ब्रिगेडियर मुकेश जोशी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। राजपुर थाना क्षेत्र में देर रात हुई मुठभेड़ में पुलिस ने दो वांछित बदमाशों को पकड़ लिया, जिनमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। दोनों आरोपी इस सनसनीखेज हत्या मामले में फरार चल रहे थे।
दरअसल, 30 मार्च को राजपुर क्षेत्र के जोहड़ी गांव में मॉर्निंग वॉक पर निकले 74 वर्षीय मुकेश कुमार जोशी की गोली लगने से मौत हो गई थी। जांच में सामने आया कि यह फायरिंग दो पक्षों के बीच बार में हुए विवाद के बाद हुई थी।
घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पहले ही 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश जारी थी।
इसी कड़ी में 3-4 अप्रैल की देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी शान्तनु त्यागी और काविश त्यागी देहरादून लौट रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने राजपुर क्षेत्र में सघन चेकिंग शुरू की। गुनियाल गांव के पास संदिग्ध दिखे दोनों युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, जिसके बाद पुलिस ने पीछा किया।
इस दौरान एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि दूसरे ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें आरोपी काविश त्यागी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
घायल बदमाश को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि मौके से एक पिस्टल, खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शान्तनु त्यागी और काविश हुसैन त्यागी के रूप में हुई है।
एसएसपी देहरादून ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी से जुड़ी जानकारी ली। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा भी दर्ज किया है।