हेमवती नंदन बहुगुणा की 107वीं जयंती, CM धामी ने किया माल्यार्पण
हिमालय पुत्र के नाम से विख्यात स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा की 107वीं जयंती पर राजधानी देहरादून के एमडीडीए कॉम्पलेक्स में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्व. बहुगुणा भारत सरकार में अनेक पदों पर रहते हुए पहाड़ की चिंता करते रहे और उसके विकास के लिए काम किया। सीएम ने कहा कि पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त शासन कर उन्होंने एक मिसाल कायम की, जो आज भी प्रेरणा स्रोत है। स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री भी रहे। 1973 से 1975 तक उन्होंने यूपी के CM का पदभार संभाला। इसके अलावा वे केंद्र सरकार में पेट्रोलियम, रसायन और उर्वरक मंत्री के साथ ही वित्त राज्य मंत्री भी रहे। पहाड़ के विकास और अलग राज्य की परिकल्पना को लेकर वे हमेशा मुखर रहे। CM धामी ने कहा कि स्व. बहुगुणा के दिखाए गए रास्ते पर चलने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा के साथ बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।