सहस्त्रधारा हेलीड्रोम में एटीसी निर्माण के लिए 5.39 करोड़ को मिली मंजूरी, सुरक्षित होगी हेली सेवा

राज्य में पिछले साल हुए तमाम हेली दुर्घटनाओं के बाद एटीसी निर्माण पर जोर दिया जाता रहा है. जिसके क्रम में देहरादून स्थित सहस्त्रधारा हेलीड्रोम में एटीसी टावर लगाए जाने का निर्णय लिया गया था. जिस पर शासन स्तर से सहमति मिलने के बाद गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एटीसी टावर निर्माण के लिए 5.39 करोड रुपए की धनराशि को मंजूरी दे दी है. ऐसे में जल्द ही सहस्त्रधारा हेलीड्रोम में एटीसी टावर निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा. हालांकि, आगामी चारधाम यात्रा के लिहाज से भी एटीसी का निर्माण काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

पिछले कुछ सालों के दौरान हुई हेली दुर्घटनाओं की वजह से हेली सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे थे. यही नहीं, पिछले साल हेली दुर्घटनाओं के बाद डीजीसीए और यूकाडा ने हेली सेवा संचालन में सुरक्षा मानकों को लेकर पूरी तरह अलर्ट हो गया है. साथ ही हेलीकॉप्टर संचालन के दौरान मौसम की सटीक जानकारी मिल सके इस पर जोड़ दिया जा रहा है. इसी क्रम में केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में एटीसी टावर यानी एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर लगाया जा रहा है. वहीं, सहस्त्रधारा हेलीड्रोम में भी एटीसी टावर लगाए जाने को लेकर बजट को मंजूरी मिल गई है. ताकि मौसम खराब होने की वजह से होने वाले हेली दुर्घटनाओं पर लगाम लगाया जा सके.

देहरादून जिले के सहस्त्रधारा हेलीड्रोम में एटीसी टावर के निर्माण के साथ ही तमाम अन्य मदों के लिए भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धनराशि जारी करने को मंजूरी दे दी है. जिसके तहत मुख्यमंत्री ने जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के सफल आयोजन के लिए जनपदों को तमाम तरह की व्यवस्थाएं किये जाने के लिए कुल 2.35 करोड़ रुपए राज्य आकस्मिकता निधि से स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन दिया है.

मुख्यमंत्री ने आपदा के दृष्टिगत संचार व्यवस्था को उच्चीकृत किये जाने के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में आपदा प्रबन्धन विभाग को 10.66 करोड़ की धनराशि को मंजूरी दे दी है. इसके साथ ही नगर निगम, काशीपुर क्षेत्र के 03 स्थानों-टांडा तिराहा पर 07 शीटर कुल धनराशि 63.32 लाख, चैती तिराहे पर 09 शीटर कुल धनराशि 69.82 लाख और चैती मेला ग्राउण्ड पर 09 शीटर कुल धनराशि 76.87 लाख के हाईटेक शौचालय निर्माण को मंजूरी दी है.

मुख्यमंत्री द्वारा तपोवन, टिहरी गढ़वाल में नगर पंचायत के कार्यालय भवन के लिए कुल 1.58 करोड रुपये के साथ ही विधानसभा क्षेत्र थराली के विकासखंड, देवाल के देवाल बाजार (टैक्सी) के समीप बहुमंजिला पार्किंग निर्माण किये जाने के लिए प्रथम चरण में 11.31 लाख की धनराशि को मंजूरी दी है. सीएम ने अल्मोड़ा जिले के विधानसभा क्षेत्र द्वाराहाट के तहत विकासखंड चौखुटिया में कुनीगाड-हिरूली बाजार से रामपुर-चौखुटिया मोटर मार्ग का नाम शहीद सूबेदार भवानीदत्त जोशी (सेना मेडल) मोटर मार्ग किये का अनुमोदन किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *