देहरादून। दून वेली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के मुख्यालय में बुधवार (11 मार्च 2026) को होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा व्यवसाय से जुड़े पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की लगातार कमी पर गंभीर चिंता जताई। व्यवसायियों का कहना था कि सिलेंडर उपलब्ध न होने से उनके कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा है और आर्थिक तंगी की स्थिति बनती जा रही है। कई व्यापारियों ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उन्हें अपनी दुकानों को बंद करने की नौबत आ सकती है।
बैठक के दौरान दून वेली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष तथा राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड, उत्तराखंड के सदस्य पंकज मैसोंन किसी कारणवश उपस्थित नहीं हो सके। ऐसे में पदाधिकारियों ने उनसे फोन पर वार्ता कर वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।
फोन पर बातचीत के दौरान पंकज मैसोंन ने होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा व्यवसायियों से अपील की कि फिलहाल जितना संभव हो कम से कम गैस सिलेंडर का उपयोग करें और वैकल्पिक रूप से इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल पर भी ध्यान दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि दो-तीन दिनों के भीतर स्थिति सामान्य नहीं होती है तो व्यापार मंडल के पदाधिकारी सामूहिक रूप से मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और व्यापारियों की समस्या के समाधान के लिए उनसे वार्ता करेंगे।
बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य होगी, जिससे होटल और रेस्टोरेंट कारोबार प्रभावित न हो।