आधी रात थार में हुड़दंग पड़ा भारी, कप्तान डोबाल का चला डंडा—वीडियो वायरल होते ही गाड़ी सीज
देहरादून
दून की सड़कों को मौज-मस्ती और हुड़दंग का अड्डा समझने वालों पर कप्तान परमिंद्र सिंह डोबाल का डंडा चल गया। बल्लूपुर-चकराता रोड पर रात करीब 1:25 बजे ब्लैक महिंद्रा थार UK-07-HN-7668 को तेज और लापरवाही से दौड़ाने तथा सनरूफ से बाहर निकलकर सिगरेट के कश लगाते हुए हुड़दंग का वीडियो वायरल हुआ तो एसएसपी डोबाल ने तत्काल एक्शन के आदेश दे दिए।
कप्तान के निर्देश मिलते ही कैंट पुलिस ने वीडियो खंगाला, थार का नंबर ट्रेस किया और चालक सोनू कुमार निवासी रायपुर समेत वाहन में सवार दो युवतियों को हिरासत में ले लिया। तीनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने थार को एमवी एक्ट में सीज कर दिया।
रात का वक्त, खाली सड़क और महंगी थार देखकर नियमों को ताक पर रखना इस बार भारी पड़ गया। वायरल वीडियो ने पहचान खोली और कप्तान डोबाल की सख्ती ने थार को सीधे पुलिस के कब्जे में पहुंचा दिया। संदेश साफ है—दून की सड़कों पर हुड़दंग कर दूसरों की जान खतरे में डाली तो पुलिस की नजर से बचना मुश्किल होगा।
