देहरादून में ई-रिक्शा संचालन को लेकर परिवहन विभाग अब सख्त कार्रवाई की तैयारी में

देहरादून में ई-रिक्शा संचालन को लेकर परिवहन विभाग अब सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। जिले में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद बिना दस्तावेज़, बिना ड्राइविंग लाइसेंस और अंडरएज ड्राइविंग करने वाले चालकों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा।
दरअसल देहरादून, ऋषिकेश और विकासनगर क्षेत्र को मिलाकर करीब साढ़े आठ हजार ई-रिक्शा पंजीकृत हैं, लेकिन हाल के दिनों में कई ई-रिक्शा बिना पूरे कागज़ात और नियमों के उल्लंघन के साथ सड़कों पर चलते पाए गए हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आरटीओ प्रवर्तन की ओर से सघन चेकिंग अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है।

प्रवर्तन अधिकारी डॉ. अनीता चमोला के मुताबिक शहर के जीआईएसडीपी, हनुमान चौक और मंदिर क्षेत्र जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष रूप से जांच अभियान चलाया जाएगा। जांच के दौरान अगर कोई ई-रिक्शा बिना वैध दस्तावेज़, बिना लाइसेंस या नियमों का उल्लंघन करते पाया गया तो उसका चालान करने के साथ-साथ वाहन को मौके पर ही सीज़ भी किया जाएगा।
परिवहन विभाग का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और शहर में ई-रिक्शा संचालन को नियमों के दायरे में लाना है, ताकि यात्रियों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा बनी रहे|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *