देहरादून के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित चकराता रोड पर सोमवार शाम होली के गुब्बारे फेंकने को लेकर दो पक्षों के बीच तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। मामूली बहस ने कुछ ही देर में उग्र रूप ले लिया और मामला हाथापाई व तोड़फोड़ तक पहुंच गया। विवाद के चलते सड़क पर जाम लग गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए, जिससे यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की। हालांकि पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक होती रही। बाद में पुलिस ने समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया और सड़क पर लगा जाम खुलवाया।

मामले में दोनों पक्षों ने थाने में लिखित शिकायत दी है। सिटी क्षेत्राधिकारी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि चकराता रोड स्थित मोबाइल मार्ट के दीपक, उनके साथी अक्षय तथा लूनिया मोहल्ला निवासी मन आनंद के बीच पानी के गुब्बारे फेंकने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि होली से पहले पुलिस द्वारा हुड़दंग करने वालों पर सख्ती की चेतावनी दी गई थी, लेकिन इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।