होली के त्यौहार को लेकर जिला स्वास्थ्य विभाग की तैयारियां पूरी हो गयी है।
वहीं देहरादून में भी होली के पर्व को सुरक्षित और स्वास्थ्यपूर्ण बनाने के लिए जिला स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाएं 24 घंटे सक्रिय रहेंगी, वहीं डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही एंबुलेंस सेवाओं को भी पूरी तरह तैयार रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि होली के दौरान केमिकल युक्त रंगों के प्रयोग से बचें, साफ-सुथरे और हर्बल रंगों का उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से तुरंत संपर्क करें।