देहरादून में पीयूसीसी 2.0 लॉन्च की तैयारी, पॉल्यूशन सेंटर संचालकों को दी गई विशेष ट्रेनिंग

देहरादून में बढ़ते वाहनों और उनसे होने वाले वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने की दिशा में परिवहन विभाग ने एक अहम कदम उठाया है। शहर के साथ-साथ ऋषिकेश और विकासनगर को पहले चरण में शामिल करते हुए पीयूसीसी (Pollution Under Control Certificate) के नए 2.0 वर्जन को लागू किया जा रहा है। इस नई व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए आरटीओ कार्यालय में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
डॉ. अनीता चमोला ने जानकारी देते हुए बताया कि देहरादून, ऋषिकेश और विकासनगर को नॉन-अटेंडेंस सिटीज के रूप में चिन्हित किया गया है, जहां वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से पीयूसीसी 2.0 वर्जन लागू किया जा रहा है। 25 तारीख से यह नया सिस्टम इन तीनों शहरों में प्रभावी हो जाएगा।
इस संबंध में राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के सहयोग से पॉल्यूशन जांच केंद्रों के संचालकों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में संचालकों को नए पोर्टल पर लॉगिन करने की प्रक्रिया, मोबाइल नंबर इंटीग्रेशन, डेटा अपलोडिंग और प्रमाण पत्र जनरेट करने की पूरी तकनीकी जानकारी दी गई। साथ ही, सिस्टम उपयोग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर भी विस्तार से मार्गदर्शन किया गया ताकि किसी प्रकार की तकनीकी समस्या न आए।
विभाग का मानना है कि पीयूसीसी 2.0 के लागू होने से प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगी। इससे न केवल फर्जी प्रमाण पत्रों पर रोक लगेगी, बल्कि वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *