उत्तराखंड के लिए यह गर्व और प्रेरणा का क्षण है कि खेलो मास्टर फाउंडेशन से जुड़े 50 प्लस आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का मान बढ़ाया। उत्तराखंड फाउंडेशन के जनरल सेक्रेटरी डॉ वीर सिंह रावत ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से टीम नेशनल स्तर पर लगातार गोल्ड और सिल्वर मेडल जीत रही है।
जनवरी में दिल्ली में 15 दिवसीय कैंप आयोजित हुआ, जिसमें 30 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। कड़ी चयन प्रक्रिया के बाद आसिफ अली, डॉ. वीर सिंह रावत और गोपाल रावत समेत चार खिलाड़ियों का चयन 50+ कैटेगरी में इंटरनेशनल टूर्नामेंट के लिए हुआ। 5 से 15 फरवरी तक Abu Dhabi और Dubai में आयोजित प्रतियोगिता में 100 से अधिक देशों की टीमों ने भाग लिया।
पहला मुकाबला वियतनाम से हुआ, जिसमें टीम 3-1 से पराजित हुई, लेकिन डॉ. वीर सिंह रावत ने शानदार गोल दागा। दूसरे मैच में इराक के खिलाफ 1-1 की बराबरी रही, जिसमें आसिफ अली ने गोल किया। तीसरे मैच में अबू धाबी की टीम से 2-1 से हार का सामना करना पड़ा, जिसमें गोपाल रावत ने बेहतरीन असिस्ट दिया।
हालांकि टीम जीत दर्ज नहीं कर सकी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। खिलाड़ियों ने साबित किया कि उम्र सिर्फ एक संख्या है, जुनून और समर्पण से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनके इस जज्बे को देखते हुए खेलो मास्टर गेम्स द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया गया। यह उपलब्धि प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए नई प्रेरणा बनकर उभरी है।