देहरादून में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। स्कूल बसों और वैन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर व्यापक कार्रवाई करते हुए अब तक 63 वाहनों के चालान काटे गए हैं, जबकि 33 वाहनों को सीज किया गया है। यह अभियान नियमित चेकिंग के साथ आगे भी जारी रहेगा।
आरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. अनीता चमोला ने जानकारी दी कि 24 और 25 तारीख को विशेष अभियान चलाकर प्रवर्तन दलों ने स्कूल बसों और वैन की गहन जांच की। जांच के दौरान जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा, पैनिक बटन की सक्रियता, फायर एक्सटिंग्विशर, अनिवार्य अटेंडेंट की तैनाती और छात्राओं को ले जाने वाले वाहनों में फीमेल अटेंडेंट की उपलब्धता की जांच की गई।
इसके अलावा ओवरलोडिंग पर भी सख्ती बरती गई। सीटिंग कैपेसिटी से अधिक छात्र-छात्राओं को बैठाने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई। दस्तावेजों की जांच में फिटनेस, परमिट, टैक्स, इंश्योरेंस, पॉल्यूशन सर्टिफिकेट और वैध ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) की भी पुष्टि की गई।
विभाग का कहना है कि जिन वाहनों को सीज किया गया है, उन्हें वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के बाद ही छोड़ा जाएगा। प्रशासन ने साफ किया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।