देहरादून में पुलिस-बदमाश मुठभेड़,लूटकांड का आरोपी ढेर

*देहरादून*

देहरादून में पुलिस-बदमाश मुठभेड़,लूटकांड का आरोपी ढेर

देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे बदमाशों की पुलिस से सीधी मुठभेड़ हो गई। जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर लूट की घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की, लेकिन खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से ढेर हो गया, जबकि प्रेमनगर थाना प्रभारी भी इस मुठभेड़ में घायल हो गए।
मारे गए बदमाश की पहचान एक शातिर अपराधी के रूप में हुई है, जिस पर हत्या, लूट और डकैती जैसे कई संगीन मामले दर्ज थे और उस पर इनाम भी घोषित था। बताया जा रहा है कि यह आरोपी पहले भी कई बड़ी वारदातों में शामिल रहा है और लंबे समय से फरार चल रहा था। मौके से पुलिस ने हथियार और लूटा गया सामान बरामद किया है, जबकि अन्य फरार बदमाशों की तलाश में पूरे इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। घायल पुलिसकर्मी और पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *