: देहरादून
चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में कल से हेली सेवाएं शुरू, टिकटों की बुकिंग फेज वाइज होगी
चारधाम यात्रा के दूसरे चरण के साथ उत्तराखंड में हेली सेवाओं का संचालन भी फिर से रफ्तार पकड़ने जा रहा है। मानसून सीजन के चलते बंद की गई हेली सेवाएं अब 15 सितंबर से दोबारा शुरू होने जा रही हैं। यूकाडा के सीईओ प्रतीक जैन ने बताया कि केदारनाथ धाम की हेली शटल सेवा के साथ चारों धामों की चार्टर सेवाएं और हेमकुंड साहिब की हेली सेवा भी 15 सितंबर से शुरू कर दी जाएगी।
हेली सेवा के टिकटों को लेकर भी यात्रियों की सुविधा के लिए खास रणनीति बनाई गई है। 15 से 30 सितंबर तक के करीब 8900 टिकट 7 सितंबर को आईआरसीटीसी के माध्यम से लाइव किए गए थे, जो कुछ ही घंटों में पूरी तरह बुक हो गए। यूकाडा अब पूरे सीजन की टिकट एक साथ जारी करने के बजाय फेज वाइज टिकट उपलब्ध करा रहा है।
प्रतीक जैन के मुताबिक 1 से 15 अक्टूबर तक की हेली सेवा के टिकट 22 सितंबर को सुबह 11 बजे आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर लाइव किए जाएंगे। इसके बाद भी 15-15 दिन के अंतराल में टिकट जारी किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को बुकिंग के लिए पर्याप्त समय मिल सके और पूरे सीजन के टिकट एक साथ खत्म न हों।
यूकाडा का कहना है कि दूसरे चरण में चारधाम यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और केदारनाथ की हेली शटल सेवा का लाभ लेने वाले यात्रियों के लिए यह व्यवस्था ज्यादा सुविधाजनक होगी।
