देहरादून
उत्तराखंड में वोटर लिस्ट का फाइनल प्रकाशन अब 3 अक्टूबर को
उत्तराखंड में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में बड़ा बदलाव हुआ है। चुनाव आयोग ने फाइनल वोटर लिस्ट के प्रकाशन की तारीख बढ़ा दी है। अब फाइनल लिस्ट 15 सितंबर की जगह 3 अक्टूबर को प्रकाशित होगी।
आपको बता दें कि चुनाव आयोग ने 14 मई को और 7 सितंबर को दो पत्र जारी किए हैं। इसके तहत दावा-आपत्ति के निस्तारण की तारीख को 11 सितंबर से बढ़ाकर 28 सितंबर कर दिया गया है। इसी वजह से फाइनल रोल भी अब 3 अक्टूबर को आएगा। बाकी पूरा शेड्यूल पहले जैसा ही रहेगा। वहीं दूसरी ओर 24 लाख से अधिक नोटिस की सुनवाई काम लगभग पूरा हो चुका है। प्रदेश में 99.96 प्रतिशत सुनवाई पूरी हो चुकी है। उत्तराखंड में कुल 71 लाख 33 हजार मतदाता हैं। इसमें से 24 लाख 30 हजार लोगों को नोटिस जारी हुए थे। 7 सितंबर तक 24 लाख 29 हजार से ज्यादा मामलों में सुनवाई पूरी हो गई है। सबसे ज्यादा नोटिस देहरादून और हरिद्वार में जारी हुए। देहरादून में 5 लाख 48 हजार और हरिद्वार में 4 लाख 82 हजार नोटिस। ऊधमसिंह नगर में भी 4 लाख 46 हजार नोटिस जारी हुए। छोटे जिलों में 100 प्रतिशत सुनवाई पूरी हो चुकी है।
