देहरादून
रायपुर ब्लाइंड मर्डर केस का 12 घंटे में खुलासा, नौकर निकला हत्यारा
देहरादून पुलिस ने रायपुर क्षेत्र में 72 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या के मामले का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक घर में काम करने वाला नौकर ही इस वारदात का मास्टरमाइंड निकला। आरोपी ने लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद महिला की हत्या कर दी और घटना को छिपाने के लिए कई तरह से पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मृतका से लूटा गया कड़ा और अन्य सामान भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, रायपुर क्षेत्र में 3 सितंबर को एक 72 वर्षीय वृद्ध महिला अपने घर में अचेत अवस्था में मिली थी। उसके चेहरे पर चोट के निशान थे और इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया।
वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए मृतका के बेटे के कपड़े पहनकर घर से बाहर निकलने और बाद में कपड़े बदलने की भी कोशिश की। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
