देहरादून
झूठा नैरेटिव तैयार कर देवभूमि का माहौल खराब कर रही कांग्रेस – अग्रवाल
हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद छिड़े विवाद और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR को लेकर उत्तराखंड की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस जहां बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रदेश के अलग-अलग जिलों में थानों में तहरीर देकर विरोध दर्ज करा रही है, वहीं बीजेपी भी कांग्रेस और राहुल गांधी पर लगातार हमलावर है। देहरादून में भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए राहुल गांधी का पुतला दहन किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए सिद्धार्थ अग्रवाल ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी देश में एक झूठा नैरेटिव तैयार कर देवभूमि उत्तराखंड का माहौल खराब करने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में जात-पात, छुआछूत या किसी भी तरह के सामाजिक भेदभाव के आधार पर राजनीति की कोई जगह नहीं है। सिद्धार्थ अग्रवाल ने आरोप लगाया कि जहां कुछ स्थानों पर ‘अल्लाहु अकबर’ जैसे नारे लगाए जाने पर कांग्रेस चुप रहती है, वहीं अनुसूचित समाज और दलितों के नाम पर झूठी राजनीति कर उत्तराखंड की सामाजिक समरसता और देवभूमि की गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इस तरह की राजनीति को प्रदेश की जनता समझ चुकी है और देवभूमि की जनता इसे कभी स्वीकार नहीं करेगी।
