देहरादून
अग्निवीरों के पुनर्वास के लिए बना अग्निवीर सेल, 1200 युवा लौटेंगे
उत्तराखंड में अग्निवीर योजना का पहला बैच अगले महीने 31 दिसंबर को 4 साल पूरे करके वापस आएगा। राज्य सरकार ने इनके पुनर्वास के लिए ‘अग्निवीर सेल’ का गठन किया है। इस सेल का मकसद इनके कौशल को रोजगार से जोड़ना है। देहरादून में उत्तराखण्ड पूर्व सैनिक कल्याण परिषद के अध्यक्ष कर्नल अजय कोठियाल ने अग्निवीर रोजगार सेल के बारे में जानकारी दी उन्होंने कहा कि राज्य में कॉरपोरेट सेक्टर में अग्नि वीरों के लिए नौकरी और रोजगार उपलब्ध करना हमारा मकसद है। उन्होंने कहा कि दूसरा बैच 31 जनवरी को वापस आएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के करीब 1200 अग्निवीर 31 दिसंबर और जनवरी में वापस आएंगे। इनमें से 75% आर्मी में रिटेन नहीं होंगे। CM पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर बने अग्निवीर सेल का काम इन युवाओं को सरकारी, केंद्रीय और कॉरपोरेट सेक्टर में कौशल के आधार पर जोड़ना है। कर्नल कोठियाल ने इसे इजराइल मॉडल की तरह बताया और कहा कि 4 साल की ट्रेनिंग के बाद ये युवा समाज और परिवार के निर्माण में बड़ी भूमिका निभाएंगे।
