उत्तराखंड में आंगनबाड़ी भर्ती का बड़ा अपडेट, रिक्त 3,211 पदों पर जल्द होगी नियुक्ति…
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने महिला एवं बाल विकास सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने विधानसभा स्थित सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रिक्त पदों पर भर्ती, आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं, Poshan Tracker App, आधार कार्ड और APAAR ID सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में रिक्त 438 आंगनबाड़ी कार्यकत्री और 2,773 सहायिका पदों सहित कुल 3,211 पदों पर अगस्त 2026 के अंत तक शत-प्रतिशत भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध होना आवश्यक है, ताकि महिलाओं और बच्चों को विभागीय योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
बैठक में मंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि किसी आंगनबाड़ी कार्यकत्री की ड्यूटी Booth Level Officer (BLO) या अन्य चुनावी कार्यों में लगाई जाती है, तब भी उसे प्रतिदिन कम से कम एक घंटे अपने आंगनबाड़ी केंद्र पर उपस्थित रहकर विभागीय कार्य करना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि चुनावी कार्यों के कारण विभागीय योजनाओं का संचालन प्रभावित नहीं होना चाहिए।
मंत्री ने Poshan Tracker App के प्रभावी संचालन पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों के वजन, पोषण और अन्य आवश्यक जानकारियों का डेटा समय पर ऐप पर अपलोड किया जाए। किसी भी स्तर पर डेटा फीडिंग या मॉनिटरिंग में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के आधार कार्ड और APAAR ID बनाने की धीमी प्रगति पर भी नाराजगी जताई गई। मंत्री ने निर्देश दिए कि जुलाई 2026 के अंत तक सभी पात्र बच्चों के आधार कार्ड और APAAR ID बनाने का कार्य शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। निर्धारित समयसीमा के बाद भी कार्य अधूरा मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर समय से पोषण सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही बिजली, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और रसोई जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर बनाने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं और बच्चों से जुड़ी सभी योजनाओं को पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक योजना का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय पर पहुंचे और विभागीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
