देहरादून
उत्तराखंड के बाद छत्तीसगढ़ में भी खत्म होगा मदरसा बोर्ड, शादाब शम्स का दावा
उत्तराखंड में मदरसा बोर्ड को समाप्त कर अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के गठन के बाद अब छत्तीसगढ़ में भी इसी तरह की व्यवस्था लागू करने की तैयारी शुरू हो गई है। यह दावा उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने इस संबंध में उत्तराखंड से ड्राफ्ट मांगा है और जल्द ही वहां भी मदरसा बोर्ड को समाप्त करने की दिशा में कदम उठाए जा सकते हैं।
शादाब शम्स ने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय के बच्चों को धार्मिक शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा से जोड़ना है, ताकि वे हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि ‘वन नेशन, वन एजुकेशन’ की सोच देश को नई दिशा देने का काम करेगी और सभी बच्चों को समान अवसर प्रदान करेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि उत्तराखंड के इस मॉडल को अब दूसरे राज्य भी अपनाने में रुचि दिखा रहे हैं और आने वाले समय में कई राज्यों में इस दिशा में पहल देखने को मिल सकती है।
