मुजफ्फरनगर : सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस–बदमाश मुठभेड़, 2 शातिर अपराधी घायल, तीसरा गिरफ्तार

  1. मुजफ्फरनगर : सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस–बदमाश मुठभेड़, 2 शातिर अपराधी घायल, तीसरा गिरफ्तार

 

 

उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर में थाना सिविल लाइन पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर अपराधी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि मौके से भाग रहे तीसरे बदमाश को पुलिस ने कांबिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों घायल बदमाशों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है और मामले की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, थाना सिविल लाइन क्षेत्र में मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध बदमाश संधावली अंडरपास के पास किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान सामने से बाइक पर सवार होकर आ रहे बदमाशों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और जंगल की ओर भागने लगे।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जिन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया। वहीं तीसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने लगा, लेकिन पुलिस ने कांबिंग कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान जितेंद्र पुत्र सतीश (घायल), शशि पुत्र जगमोहन उर्फ जग्गू (घायल) और दिलीप उर्फ होलू पुत्र किशन के रूप में हुई है, जो सभी आदर्श कॉलोनी थाना सिविल लाइन, मुरादाबाद के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, दो तमंचे, कारतूस और गाड़ी का शीशा तोड़कर चोरी किए गए ₹40,000 नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया है कि तीनों बदमाशों ने 7 फरवरी 2026 को सिविल लाइन क्षेत्र स्थित त्यागी धर्मशाला के पास कार का शीशा तोड़कर नकदी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों की गिरफ्तारी से जनपद में हुई कई चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, घायल बदमाश जितेंद्र पर 9, शशि उर्फ जग्गू पर 22 और दिलीप उर्फ होलू पर 8 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस तीनों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।





Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *