चारधाम यात्रा-2026: सुरक्षा, तकनीक और सुविधा का त्रिस्तरीय कवच तैयार

चारधाम यात्रा-2026: सुरक्षा, तकनीक और सुविधा का त्रिस्तरीय कवच तैयार

आगामी चारधाम यात्रा को निर्विघ्न, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस ने व्यापक मास्टर प्लान लागू किया है। पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने बताया कि पिछले अनुभवों के आधार पर इस बार यात्रा प्रबंधन को पूरी तरह डिजिटल और हाईटेक बनाया गया है। 24×7 निगरानी के लिए सरदार पटेल भवन, देहरादून में अत्याधुनिक ‘चारधाम कंट्रोल रूम’ स्थापित किया गया है, जहां से हर गतिविधि पर रियल-टाइम नजर रखी जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से संपूर्ण यात्रा मार्ग को 16 सुपर जोन, 43 जोन और 149 सेक्टरों में विभाजित कर जनपद पुलिस के साथ PAC, होमगार्ड, PRD, SDRF, ATS, BDS और जल पुलिस की टीमें तैनात की गई हैं। चारों धामों व संवेदनशील मार्गों पर CCTV नेटवर्क और भीड़ प्रबंधन के लिए ड्रोन कैमरों से निगरानी होगी। यातायात को सुचारू रखने हेतु बॉटल नेक, ब्लैक स्पॉट और लैंडस्लाइड जोन चिन्हित कर विशेष टीमें लगाई गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग स्थल व हॉल्टिंग पॉइंट पर ठहरने की पुख्ता व्यवस्था की गई है। हरिद्वार, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली व उत्तरकाशी में ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र भी संचालित रहेंगे।
आईजी गढ़वाल ने श्रद्धालुओं से अपील की कि हेली सेवा और पंजीकरण केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही कराएं और फर्जी लिंक से बचें। सोशल मीडिया सेल के जरिए मौसम, आपदा और मार्ग की स्थिति की पल-पल की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गढ़वाल पुलिस देश-विदेश से आने वाले हर श्रद्धालु की सुरक्षित, सुगम और यादगार यात्रा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *