उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के केदारपुर स्थित नारी निकेतन में एक संवासिनी की आत्महत्या के मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने नारी निकेतन की अधीक्षिका, कर्मचारियों और शव बरामद करने वाली चौकीदार से घटना को लेकर विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, उनकी नियमित निगरानी करने और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने को कहा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

मंत्री ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने एसएसपी देहरादून से फोन पर बातचीत कर पुलिस जांच की प्रगति की जानकारी भी ली और जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसिक रूप से अस्वस्थ संवासिनियों की देखभाल के लिए मनोचिकित्सकों की नियुक्ति का प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट में प्रस्तुत करने को कहा गया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।