सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया

मुजफ्फरनगर | डिजिटल रिपोर्ट

जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि एक स्कूटी पर सवार तीन संदिग्ध युवक बुढ़ाना मोड़ से लुहारी रजवाहे की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। जब पुलिस टीम ने स्कूटी सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान मुजफ्फरनगर निवासी सुहैल के रूप में हुई है। उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। मुठभेड़ के दौरान उसके दो साथी मौके से भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी और कांबिंग अभियान चलाकर दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए अन्य दो बदमाशों की पहचान रिजवान और दानिश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध पिस्टल, 19 जिंदा कारतूस, एक दर्जन से अधिक खोखा कारतूस और एक स्कूटी बरामद की है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और अवैध हथियारों की सप्लाई का नेटवर्क चला रहे थे। ये बदमाश उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक ऑन-डिमांड पिस्टल सप्लाई करते थे। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, तीनों के खिलाफ मुजफ्फरनगर के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

मामले की जानकारी देते हुए सिद्धार्थ कुमार मिश्रा, क्षेत्राधिकारी नगर, मुजफ्फरनगर ने बताया कि पुलिस पूरे हथियार सप्लाई नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इनके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे तथा किन-किन जिलों में हथियारों की सप्लाई की गई।

घटना के बाद से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों के कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और इस नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।





Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *